कोरिया/सरकारी योजनाओं में हो रहे फर्जीवाड़े और लीपापोती के नए-नए कारनामे अक्सर सामने आते रहते हैं, लेकिन सरगुजा वनवृत्त वन के इन मैदानी अमले ने जांच के नाम पर जो तरकीब निकाली है, वह अपने आप में हैरान करने वाली है। चाहे मामला मनेंद्रगढ़ वनमंडल के खड़गवां परिक्षेत्र के ठग्गांव का हो या कोरिया वनमंडल के मुगूम बारी पैच का, प्रतिपूरक वनीकरण बरती गई अनियमितताओं की शिकायतों को दबाने का तरीका बिल्कुल एक जैसा है।
शिकायत गंभीर, पर जांच का पैमाना सिर्फ 'पंचनामा'!
करोड़ों के वनीकरण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सीएम हेल्पलाइन या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायतें दर्ज होती हैं, तो महकमे के जिम्मेदार अधिकारी अपनी खाल बचाने के लिए एक ही ढर्रे का इस्तेमाल करते हैं।अब बड़ा सवाल यह है कि क्या किसी प्लांटेशन के एस्टीमेट, गड्ढों के आकार, और उसकी तकनीकी गुणवत्ता की जांच करने के लिए विभाग के पास कोई विशेषज्ञ नहीं है?मौके पर कुछ चुनिंदा मजदूरों और स्थानीय पंच-सरपंच को खड़ा कर उनके हस्ताक्षर से एक 'पंचनामा' तैयार कर जांच की प्रक्रिया क्या पूरी हो जाती है,ताज्जुब की बात है कि ऐसी पंचनामा को ब्रह्म सत्य मानकर अधिकारी अपनी रिपोर्ट में यह लिख देते हैं कि कार्य पूरी तरह मापदंडों के अनुसार हुआ है, और धन्य उन विभागीय महानुभावों का जिन्होंने ऐसी जांच रिपोर्ट पर अपनी मुहर लगाई।
क्या मजदूरों के पास है तकनीकी ज्ञान?
सीए प्लांटेशन में जिस प्रकार भर्राशाही का खेल जारी है ऐसे में अब बुद्धिजीवियों और आम जनता के जेहन में यह सवाल कौंध रहा होगा कि आखिर ग्रामीण इलाकों के सीधे-साधे मजदूरों या पंचायत प्रतिनिधियों के पास इस बात को आंकने का कौन सा साधन या तकनीकी ज्ञान होता है कि प्लांटेशन का कार्य कायदे से हुआ है या नहीं? जो मजदूर विभाग के अधीन मजदूरी कर रहे हों, उनसे यह लिखवा लेना कि "सबकुछ ठीक है", क्या यह महज अधिकारियों को क्लीन चिट देने का एक बहाना भर नहीं है? साफ है कि कागजों में हरियाली के नाम पर ढोंग और फाइलों में 'सब कुछ ठीक-ठाक' दिखाने वाली यह व्यवस्था महकमे की उसी 'भर्राशाही' का जीता-जागता उदाहरण है, जहाँ रखवाले ही खुद के जज बन बैठे हैं। जब तक कागजी पंचनामों के इस नायाब ड्रामे पर रोक लगाकर किसी निष्पक्ष और स्वतंत्र एजेंसी से जमीनी हकीकत की जांच नहीं कराई जाती, तब तक सरकारी खजाने की लूट पर पर्दा डालने का यह खेल यूं ही बदस्तूर जारी रहेगा,और जनता के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार के पौधे ही लहलहाते रहेंगे!"








0 Comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.