जंगल में अचानक दिखे 5 ‘ओरंगुटान’, आखिर कहां से आए?

भारत में प्राकृतिक रूप से नहीं मिलते, एक साथ पांच जानवर मिलने से वन्यजीव तस्करी का एंगल भी जांच में


बालासोर। ओडिशा के बालासोर जिले के जंगल में मंगलवार को पांच ऐसे जानवर दिखाई दिए, जो देखने में ओरंगुटान जैसे नजर आ रहे हैं। एक साथ पांच जानवरों के मिलने की खबर सामने आते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम ने सभी पांचों को रेस्क्यू कर लिया है और अब उनकी पहचान तथा उनके यहां तक पहुंचने की पूरी कहानी की जांच की जा रही है।

बोर्नियो-सुमात्रा के जानवर ओडिशा कैसे पहुंचे?

ओरंगुटान प्राकृतिक रूप से दक्षिण-पूर्व एशिया के बोर्नियो और सुमात्रा द्वीपों में पाए जाते हैं। भारत में उनका प्राकृतिक आवास नहीं है। ऐसे में बालासोर के जंगल में एक साथ पांच संदिग्ध ओरंगुटान का मिलना अपने आप में बड़ा रहस्य बन गया है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर ये वास्तव में ओरंगुटान हैं, तो इन्हें ओडिशा तक कौन और कैसे लेकर आया?


अंतरराष्ट्रीय तस्करी का शक भी जांच के दायरे में

वन्यजीवों के लिए काम करने वाली स्थानीय संस्था के प्रवक्ता के मुताबिक मामले में अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करी की संभावना को भी जांचा जा रहा है। रेस्क्यू किए गए पांचों जानवरों को जांच के लिए भेजा गया है और उन्हें क्वारंटीन में रखा जाएगा।

अब विशेषज्ञों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि ये पांचों जानवर वास्तव में ओरंगुटान हैं या कोई दूसरी प्रजाति, साथ ही इनके मूल स्थान और ओडिशा तक पहुंचने के रास्ते का भी पता चल सकेगा।

एक साथ पांच संदिग्ध ओरंगुटान का मिलना महज संयोग है या इसके पीछे वन्यजीव तस्करी का कोई बड़ा नेटवर्क? जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

0 Comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.