राज्योत्सव आमंत्रण पत्र से नाम गायब होने पर जनपद उपाध्यक्ष ने जताई नाराज़गी


कोरिया,बैकुंठपुर/छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस राज्योत्सव 2025 के आयोजन को लेकर जारी आमंत्रण पत्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बैकुंठपुर जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष प्यारे साहू ने इस पर कड़ी नाराज़गी जताई है।

श्री साहू का कहना है कि – “राज्योत्सव जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के आमंत्रण पत्र में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष का नाम न होना प्रशासन की लापरवाही और असमानता को दर्शाता है।”

उन्होंने आगे कहा कि जनपद पंचायत भी ग्रामीण विकास की प्रमुख इकाई है और राज्योत्सव जैसे ऐतिहासिक अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए था।

स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक वर्गों में भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज़ है। कई लोगों का मानना है कि राज्योत्सव जैसे गौरवशाली आयोजन में प्रतिनिधियों के नाम छूटना प्रशासनिक समन्वय की कमी को उजागर करता है।

भारतीय पनिका समाज जिला इकाई कोरिया की समीक्षा बैठक सम्पन्न‘एक समाज, एक संगठन’ का संदेश दिया गया

 


कोरिया,बैकुंठपुर/भारतीय पनिका समाज जिला इकाई कोरिया (छत्तीसगढ़) की समीक्षा बैठक बीते 31 शुक्रवार को ग्राम खाड़ा स्थित मन्नत मैरिज गार्डन भवन में दोपहर 12:00 बजे से संपन्न हुई।बैठक की अध्यक्षता राजाराम जाता, जिला अध्यक्ष, भारतीय पनिका समाज कोरिया ने की,इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष  रामधन देवांगन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यसूची की समीक्षा एवं निर्णय

बैठक में मुख्य रूप से दिनांक 26 अक्टूबर 2025 को संपन्न शपथ एवं सम्मान समारोह कार्यक्रम की समीक्षा की गई।उपस्थित सदस्यों ने इस आयोजन को समाज के इतिहास का सफल और यादगार कार्यक्रम बताया।जिन पदाधिकारियों की उपस्थिति शपथ समारोह में नहीं हो सकी थी, उन्हें संभाग अध्यक्ष द्वारा इस बैठक में पुनः ससम्मान शपथ दिलाई गई।बैठक के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से शपथ सम्मान समारोह कार्यक्रम का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे सभी सदस्य उस आयोजन की झलक देख सके।

संभाग अध्यक्ष का उद्बोधन

अपने संबोधन में संभाग अध्यक्ष  रामधन देवांगन ने कहा कि समाज की मजबूती संगठन से होती है।उन्होंने “एक समाज, एक संगठन” का संदेश देते हुए समाज विरोधी तत्वों को बर्दाश्त न करने की स्पष्ट हिदायत दी।

पदाधिकारी परिवर्तन का निर्णय

पत्र क्रमांक 23, बैकुंठपुर, दिनांक 23.10.2025 के तहत जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को सम्मानित पदों से सुशोभित किया गया था।किन्तु, सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ पदाधिकारियों द्वारा स्वेच्छा से पद त्यागने एवं जिम्मेदारी न निभा पाने की सूचना दिए जाने पर, बैठक में सर्वसम्मति से ऐसे पदाधिकारियों को उनके पदों से पृथक करने का निर्णय लिया गया।

बैठक के समापन अवसर पर जिला अध्यक्ष राजाराम जाता ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाज सदस्यों का आभार व्यक्त किया।उन्होंने उपस्थित सदस्यों को डायरी एवं पेन भेंटकर सम्मानित किया।

बैठक में प्रमुख रूप से —रामलाल टांडिया (जिला कोषाध्यक्ष), तारकेश्वर प्रसाद (उपकोषाध्यक्ष), विजेंद्र मानिकपुरी (महासचिव), राजू गोयनकर, चंद्रिका प्रसाद, विजेंद्र लाल सोनवानी (उपाध्यक्षगण), दिनेश कावरा (सचिव), उमाशंकर बंटी (युवा समिति अध्यक्ष), मनीलाल (सह सचिव), मायाराम खाडेय, मनराखन कुलदीप (वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य),अनीता पुरी, बिंदुमती मानिकपुरी, रानी देवांगन, बेगमती चिकनजूरी, सुषमा मुंगरी (महिला समिति सदस्य),तथा लालदास महंत (जिला मीडिया प्रभारी) सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

अप्रतिम कोरिया’ की झलक दिखाएगा राज्योत्सव 2025,भव्य तैयारियाँ पूरी, संस्कृति–संवेदना और विकास का संगम बनेगा उत्सव



‘भजन, सूफी संगीत और पारंपरिक स्वाद से महकेगा उत्सव स्थल

‘अप्रतिम कोरिया’ कॉफी टेबल बुक का होगा लोकार्पण

छायाचित्र प्रदर्शनी में दिखेगी जिले की विकास यात्रा

स्थानीय उत्पाद और बच्चों की प्रस्तुतियाँ बढ़ाएँगी आकर्षण


कोरिया, बैकुंठपुर/जिले का ऐतिहासिक तीन दिवसीय राज्योत्सव–2025 इस बार विशेष आकर्षणों के साथ मनाया जाएगा। आज से 4 नवम्बर तक बैकुंठपुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस आयोजन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी निरंतर स्थल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में जुटे हैं, ताकि उत्सव भव्य और यादगार बन सके।

विकास की 25 वर्षी यात्रा एक मंच पर

राज्योत्सव में वर्ष 2000 से 2025 तक जिले की विकास यात्रा को थीम–लेआउट के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, सिंचाई व पेयजल परियोजनाएँ, पर्यटन, बिजली, सड़क और ग्रामीण ढाँचे की प्रगति की झलक दिखाई जाएगी। जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘कोरिया की उपलब्धियों’ पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र होगी।

‘अप्रतिम कोरिया’ का विमोचन

जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘अप्रतिम कोरिया’ का लोकार्पण राज्योत्सव के मंच से मुख्य अतिथि के हाथों किया जाएगा।

सांस्कृतिक संध्याएँ होंगी यादगार

राज्योत्सव के मंच पर स्कूलों के बच्चों की प्रस्तुतियाँ, भजन–संध्या, सूफी संगीत, लोकनृत्य और लोकगीतों से वातावरण सुर और ताल से गूँज उठेगा।

पारंपरिक स्वाद और स्थानीय उत्पादों की महक

उत्सव स्थल पर कोरिया के पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय उत्पादों की बिक्री भी आकर्षण का केंद्र होगी। इससे महिला स्व–सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों को आर्थिक लाभ का अवसर मिलेगा।

एकता की दौड़ में दौड़ा कोरिया – ‘रन फॉर यूनिटी’ में उमड़ा उत्साह

 सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर एकता का संदेश, सैकड़ों लोगों ने लगाई दौड़


कोरिया,बैकुंठपुर/ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आज जिले में “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया गया। कुमार चौक, बैकुंठपुर से सुबह 7 बजे बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।


कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक  रवि कुमार कुर्रे एवं अपर कलेक्टर  सुरेंद्र प्रसाद वैद्य सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन की शुरुआत में सरदार वल्लभभाई पटेल के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। शपथ में यह संकल्प लिया गया कि —

 “हम राष्ट्र की एकता को सुदृढ़ करने, समाज में सद्भाव बनाए रखने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा में अपना योगदान देने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।”

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों द्वारा सभी तैयारियाँ पूर्व में ही पूर्ण कर ली गई थीं। इससे पहले गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा और संदेश साझा किया गया था।कोरिया जिले के लोगों ने आज एकजुट होकर देश की अखंडता और एकता का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया। 

ग्राम पंचायत मेरो उधनापुर में जरूरतमंद बालक को मिली जीवनदायिनी सहायता


एक्सेस टू जस्टिस एवं छत्तीसगढ़ प्रचार एवं विकास संस्थान की पहल से निशुल्क स्वास्थ्य जांच




मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए छत्तीसगढ़ प्रचार एवं विकास संस्थान एवं एक्सेस टू जस्टिस जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के संयुक्त प्रयास से ग्राम पंचायत मेरो उधनापुर के एक जरूरतमंद बालक को निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा प्रदान की गई।

संस्था को जानकारी मिली थी कि ग्राम पंचायत क्षेत्र का एक बालक गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा है, किन्तु आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसका इलाज संभव नहीं हो पा रहा था। जानकारी मिलते ही एक्सेस टू जस्टिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मदद के लिए पहल की।

संस्था के प्रतिनिधि नीरज कुमार के समन्वय से बालक को तुरंत चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई और आगे की कार्यवाही हेतु उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति द्वारा बालक को निरंतर सहयोग और संरक्षण प्रदान करने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं।

संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि बच्चों के अधिकारों और संरक्षण के लिए जिले में लगातार जागरूकता एवं सहायता गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं। संस्था का उद्देश्य है कि प्रत्येक जरूरतमंद बच्चे तक स्वास्थ्य, शिक्षा और न्याय की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

ग्रामवासियों ने संस्था और टीम की इस संवेदनशील एवं मानवीय पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था की तत्परता से बालक को समय पर उपचार और देखभाल मिल सकी, जिससे उसका जीवन सुरक्षित हो पाया। यह पहल बच्चों के अधिकारों, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में संस्थान के समर्पण और जिम्मेदारी का उदाहरण है।

कोरिया में स्वास्थ्य सेवाओं का व्यापक विस्तार — 25 वर्षों में दर्ज हुआ ऐतिहासिक परिवर्तन

 डायलिसिस, सीटी स्कैन, सोनोग्राफी और ऑक्सीजन प्लांट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध

राज्य का पहला वयोवृद्ध स्वास्थ्य जांच केंद्र कोरिया में संचालित

2 लाख 67 हजार से अधिक नागरिक लाभान्वित, आयुष उपचार से 8 लाख 88 हजार मरीजों को मिला स्वास्थ्य लाभ



कोरिया,बैकुंठपुर/पिछले पचीस वर्षों में कोरिया जिले ने स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर आधुनिक उपचार सुविधाओं तक, जिले में स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा व्यवस्था ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

स्वास्थ्य अधोसंरचना में बड़ा बदलाव

वर्ष 2000 में जहां जिले में सीमित स्वास्थ्य सुविधाएं थीं, वहीं वर्ष 2025 तक इनकी संख्या और गुणवत्ता दोनों में जबरदस्त सुधार हुआ है।उप स्वास्थ्य केंद्र 82 से बढ़कर 89, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 8 से बढ़कर 11 तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र 2 से बढ़कर 4 हो गए हैं।जिला अस्पताल की क्षमता भी 100 बिस्तरों से बढ़ाकर 200 बिस्तरों की गई है।

आज कोरिया जिले में मातृ एवं शिशु अस्पताल, फर्स्ट रेफरल यूनिट, हमर लैब, एनआरसी, वायरोलॉजी लैब, डायलिसिस यूनिट, सीटी स्कैन, सोनोग्राफी, ईको मशीन एवं ऑक्सीजन प्लांट जैसी आधुनिक सेवाएं उपलब्ध हैं।इसके साथ ही राज्य का पहला वयोवृद्ध हेल्थ चेकअप सेंटर भी कोरिया में संचालित है, जो वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित सुविधा के रूप में कार्य कर रहा है।

वर्तमान में जिले में 55 चिकित्सक, 11 विशेषज्ञ डॉक्टर, 97 नर्सिंग स्टाफ, 16 लैब टेक्नीशियन, 93 एएनएम, 78 एमपीडब्ल्यू सहित कुल 10 एम्बुलेंस और 7 मुक्तांजलि वाहन निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

 जनकल्याणकारी योजनाओं से बढ़ा लोगों का भरोसा

स्वास्थ्य विभाग की जनहित योजनाओं के अंतर्गत जिले में अब तक 2,67,244 आयुष्मान भारत कार्ड तथा 7,177 आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाए जा चुके हैं। इनसे हजारों परिवारों को निःशुल्क और सुलभ चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

 आयुष विभाग की उल्लेखनीय उपलब्धियां

वर्ष 2000 में जिले में केवल 05 आयुर्वेद औषधालय थे, जो अब बढ़कर 07 हो गए हैं।पहले जहाँ 05 आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी और 02 फार्मासिस्ट कार्यरत थे, वहीं अब 07 चिकित्सा अधिकारी और 07 फार्मासिस्ट सेवा दे रहे हैं।जिला अस्पताल बैकुंठपुर में संचालित आयुष विंग में पंचकर्म चिकित्सा जैसे स्नेहन, स्वेदन, कटिबस्ति, जानुबस्ति, अभ्यंग और शिरोधारा जैसी पारंपरिक उपचार विधियाँ लोकप्रिय हो रही हैं।वर्तमान में कोरिया जिले में 07 आयुर्वेद, 04 होम्योपैथी, और 02 यूनानी केंद्र संचालित हैं।इनसे अब तक 8 लाख 88 हजार से अधिक मरीज उपचार लाभ प्राप्त कर चुके हैं।जिले के 07 आयुर्वेद औषधालयों में से 05 को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में विकसित किया गया है, जबकि मोबाइल मेडिकल यूनिट (आयुष) के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में भी स्वास्थ्य सेवाएं पहुँच रही हैं।

मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में स्वास्थ्य और आयुष

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के हर गांव, शहर और विशेषकर सुदूर अंचलों में स्वास्थ्य अधोसंरचना के सशक्तिकरण एवं आयुष चिकित्सा के विस्तार के लिए निरंतर कार्य हो रहे हैं।निश्चित रूप से इन 25 वर्षों की विकास यात्रा में कोरिया जिला स्वास्थ्य एवं आयुष के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जिलों में शुमार हो गया है।


अवैध परिवहन पर कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई,खनिज अधिकारी ने कहा तीन वाहन जप्त, आगे भी कार्यवाही जारी रहेगी




कोरिया,बैकुंठपुर/ कलेक्टर कोरिया के निर्देश पर खनिज विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम की अवैध खनिज  परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए तीन वाहनों को जप्त किया है। यह कार्यवाहीं तहसील पटना क्षेत्र में की गई।

गश्त के दौरान इन वाहनों को अवैध रूप से गौण खनिज रेत का परिवहन करते पाया गया, जिसके बाद उन्हें मौके पर ही जब्त कर समीपस्थ  पटना थाना में अभिरक्षा में रखा गया है।


जप्त किए गए वाहनों की जानकारी

सीजी 16 सीएन 5852 मिनी ट्रक वाहन मालिक श्री जगदीश साहू, सीजी 12 ए एन 8294 मिनी ट्रक वाहन मालिक श्री अमरदीप, महिंद्रा सोल्ड श्री सुरेन्द्र कुमार राजवाड़े ट्रैक्टर वाहन इन वाहन मालिकों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 की धारा 71 तथा खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 से 23 (ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला खनिज अधिकारी ने जानकारी दी है कि कलेक्टर के निर्देशन में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई जारी है। खनिज अधिकारी कहा है  कि भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण एवं कार्रवाई की जाएगी।