बैकुंठपुर में हर्षाेल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस साइबर अपराध के खिलाफ कोरिया में जागृति अभियान की शुरुआत दो साल से पाइपलाइन तैयार, फिर भी नलों में पानी का इंतजार

भण्डारपारा में शिक्षकों की मिशाल: बच्चों को मिली सर्दी से राहत, स्वेटर वितरण व न्योता भोज आयोजित




कोरिया/बैकुंठपुर-देश के भविष्य माने जाने वाले बच्चे सभी को सच्चे और अच्छे लगते है लेकिन कड़ाके की ठंड में देश के इस भविष्य को ठिठुरते हुए स्कूल जाना जब किसी को नजर नहीं आता तो ऐसे में विद्यालय के शिक्षकों ने सामाजिक पहल कर इनकी तरफ हाथ बढ़ाया।

           दिसंबर की शीतलहर के असर व कड़ाके की ठंड की मार से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आने वाले सभी जरूरतमंद 75 स्कूली बच्चों की मन की पीड़ा को समझते हुए,उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा का ख्याल करते हुए शाला में उनकी कम होती उपस्थिति की समस्या के समाधान के एक विकल्प के रूप में मा शाला-भण्डारपारा के शिक्षकों ने अपने निजी खर्च के सहयोग से कक्षा 6वीं से 8वीं के प्रत्येक स्कूली बच्चे को सर्दियों से बचाने गर्म कपड़े के रूप में एक नया स्वेटर निशुल्क प्रदान करते हुए शिक्षा के साथ साथ सामाजिक संवेदनशीलता, भागीदारी की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए अपना दायित्व निभाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मु.अतिथि संकुल प्राचार्य  रमाशंकर साहू व सरपंच प्रतिनिधि श्री सुखनंदन मिंज द्वारा देवी मां सरस्वती की छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया।शिक्षकों और बच्चों द्वारा अतिथियों का स्वागत बैंड-बाजे,तिलक,पुष्पवर्षा व सुमन, माल्यार्पण से किया गया। बच्चों द्वारा देवी सरस्वती वंदना,स्वागत गीत के साथ सुन्दर व मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।उपस्थित अतिथियों के करकमलों से शाला के प्रत्येक बच्चे को स्वेटर वितरित किए गए।

स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरे खुशियों के उत्साह और मुस्कानों की चमक से खिल उठे

तिमाही आंकलन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और सर्वाधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के रूप में मेडल,कलम,प्रमाण पत्र के साथ मिष्ठान्न खिलाकर पुरस्कृत किया गया तदोपरांत बच्चों, पालकों व उपस्थित ग्रामवासियों ने महिला स्व सहायता समूह द्वारा आयोजित न्योता भोज का आनंद लिया।

अगरवुड' पौधारोपण की व्यवसायिक शिक्षा

         पर्यावरण संरक्षण एवं स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भरता बढ़ाने,भविष्य के मजबूत उद्यम के रूप में औषधीय गुणों से भरपूर  विशिष्ट सुगंध वाले पूरी दुनिया के सबसे मंहगे पौधे अगरवुड जिसकी प्राकृतिक लकड़ी को वुड ऑफ गॉड और तेल को 'लिक्विड गोल्ड' कहते हैं जिनकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखो रुपए की होती है,पंचायत व यूथ व इको क्लब सदस्यों द्वारा रोपण कर शिक्षकों द्वारा इसकी खेती की पूरी प्रक्रिया की व्यवसायिक शिक्षा दी गई।उक्त सम्पूर्ण कार्यक्रम का मंच संचालन उद्घोषक शिक्षक पंकज कुमार बाजपेयी ने किया।

मु.अतिथि ने अपने संबोधन में इसे विद्यालय व बच्चों के प्रति शिक्षकों का विशेष स्नेह व समर्पण बताया,वहीं सरपंच ने इसे नया दिन की संज्ञा देकर,नेक सोच वाले ऐसे शिक्षकों का मिलना,गांव के लिए सौभाग्य बताया।सी.ए.सी ने शिक्षकों के सार्थक प्रयासों से गांव में शिक्षा की बेहतर बनती तस्वीर की सराहना कर पालकों से बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित कर नियमित शाला भेजने की अपील की। 

SMC सदस्यों,पालकों और ग्रामवासियों ने शिक्षकों के अनवरत नव प्रयासों के प्रति साधुवाद व्यक्त किया,अंत में आभार प्रकट प्र.पाठक  राजेश कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर शाला के शिक्षक श्रीमती अनिता शुक्ला, प्रदीप कुमार साहू, संकुल समन्वयक रंजीत सिंह सहित समस्त स्टाफ,SMC अध्यक्ष  परमजीत,उपाध्यक्ष  झलेश्वर राजवाड़े सहित अभिभावक गण व गणमान्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कोरिया वन मंडल में मनमानी DFO पर मनचाही पोस्टिंग करने का गंभीर आरोप

 


कोरिया/बैकुंठपुर।कोरिया वन मंडल इन दिनों विवादों के केंद्र में है। विभाग में ट्रांसफर–पोस्टिंग को लेकर उठ रहे सवालों ने पूरे वन मंडल में हलचल मचा दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि वन मंडल में नियम-क़ानून से अधिक व्यक्तिगत निर्णयों का दबदबा दिखाई दे रहा है।

सूत्रों की मानें तो DFO चंद्रशेखर सिंह परदेशी पर ऐसे अधिकारों का प्रयोग करने के आरोप लगाए जा रहे हैं, जो उनके पास आधिकारिक रूप से मौजूद ही नहीं हैं। कहा जा रहा है कि बिना स्वीकृति के कर्मचारियों का जबरन ट्रांसफर कर नया विवाद खड़ा कर दिया गया है।

गेज नर्सरी में उलटफेर — वन रक्षक को बनाया गया प्रभारी, सवालों की बौछार

बता दे कि,बैकुंठपुर स्थित गेज नर्सरी में पाँच साल से जिम्मेदारी संभाल रहे फॉरेस्टर को अचानक उनके पद से हटाकर स्पेशल ड्यूटी भेज दिया गया।आरोप है कि उनके स्थान पर एक वन रक्षक को नर्सरी प्रभारी नियुक्त कर दिया गया, जबकि यह जिम्मेदारी सामान्यतः फॉरेस्टर स्तर के अधिकारी की होती है।नए प्रभारी के पदभार संभालते ही नर्सरी में पौधों के सूखने की घटनाएँ लगातार सामने आने लगी हैं, जिससे मजदूरों के बीच असंतोष और बढ़ गया है।

दुर्ग से मंगाए गए पौधे भी खराब होने लगे

सूत्रों के अनुसार DFO द्वारा दुर्ग से विशेष रूप से आम और अर्जुन के पौधे मंगवाए गए थे।लेकिन प्रबंधन में अव्यवस्था और गलत तरीके से देखरेख के कारण नर्सरी में इन पौधों पर भी असर दिख रहा है। नर्सरी में काम कर रहे मजदूरों का कहना है कि नए प्रभारी को नर्सरी संचालन का सही तरीका नहीं पता, फिर भी पौधों के सूखने का ठीकरा मजदूरों पर फोड़ा जा रहा है, जबकि मजदूर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से अपना काम कर रहे हैं।


राज्योत्सव आमंत्रण पत्र से नाम गायब होने पर जनपद उपाध्यक्ष ने जताई नाराज़गी


कोरिया,बैकुंठपुर/छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस राज्योत्सव 2025 के आयोजन को लेकर जारी आमंत्रण पत्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बैकुंठपुर जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष प्यारे साहू ने इस पर कड़ी नाराज़गी जताई है।

श्री साहू का कहना है कि – “राज्योत्सव जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के आमंत्रण पत्र में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष का नाम न होना प्रशासन की लापरवाही और असमानता को दर्शाता है।”

उन्होंने आगे कहा कि जनपद पंचायत भी ग्रामीण विकास की प्रमुख इकाई है और राज्योत्सव जैसे ऐतिहासिक अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए था।

स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक वर्गों में भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज़ है। कई लोगों का मानना है कि राज्योत्सव जैसे गौरवशाली आयोजन में प्रतिनिधियों के नाम छूटना प्रशासनिक समन्वय की कमी को उजागर करता है।

भारतीय पनिका समाज जिला इकाई कोरिया की समीक्षा बैठक सम्पन्न‘एक समाज, एक संगठन’ का संदेश दिया गया

 


कोरिया,बैकुंठपुर/भारतीय पनिका समाज जिला इकाई कोरिया (छत्तीसगढ़) की समीक्षा बैठक बीते 31 शुक्रवार को ग्राम खाड़ा स्थित मन्नत मैरिज गार्डन भवन में दोपहर 12:00 बजे से संपन्न हुई।बैठक की अध्यक्षता राजाराम जाता, जिला अध्यक्ष, भारतीय पनिका समाज कोरिया ने की,इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष  रामधन देवांगन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यसूची की समीक्षा एवं निर्णय

बैठक में मुख्य रूप से दिनांक 26 अक्टूबर 2025 को संपन्न शपथ एवं सम्मान समारोह कार्यक्रम की समीक्षा की गई।उपस्थित सदस्यों ने इस आयोजन को समाज के इतिहास का सफल और यादगार कार्यक्रम बताया।जिन पदाधिकारियों की उपस्थिति शपथ समारोह में नहीं हो सकी थी, उन्हें संभाग अध्यक्ष द्वारा इस बैठक में पुनः ससम्मान शपथ दिलाई गई।बैठक के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से शपथ सम्मान समारोह कार्यक्रम का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे सभी सदस्य उस आयोजन की झलक देख सके।

संभाग अध्यक्ष का उद्बोधन

अपने संबोधन में संभाग अध्यक्ष  रामधन देवांगन ने कहा कि समाज की मजबूती संगठन से होती है।उन्होंने “एक समाज, एक संगठन” का संदेश देते हुए समाज विरोधी तत्वों को बर्दाश्त न करने की स्पष्ट हिदायत दी।

पदाधिकारी परिवर्तन का निर्णय

पत्र क्रमांक 23, बैकुंठपुर, दिनांक 23.10.2025 के तहत जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को सम्मानित पदों से सुशोभित किया गया था।किन्तु, सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ पदाधिकारियों द्वारा स्वेच्छा से पद त्यागने एवं जिम्मेदारी न निभा पाने की सूचना दिए जाने पर, बैठक में सर्वसम्मति से ऐसे पदाधिकारियों को उनके पदों से पृथक करने का निर्णय लिया गया।

बैठक के समापन अवसर पर जिला अध्यक्ष राजाराम जाता ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाज सदस्यों का आभार व्यक्त किया।उन्होंने उपस्थित सदस्यों को डायरी एवं पेन भेंटकर सम्मानित किया।

बैठक में प्रमुख रूप से —रामलाल टांडिया (जिला कोषाध्यक्ष), तारकेश्वर प्रसाद (उपकोषाध्यक्ष), विजेंद्र मानिकपुरी (महासचिव), राजू गोयनकर, चंद्रिका प्रसाद, विजेंद्र लाल सोनवानी (उपाध्यक्षगण), दिनेश कावरा (सचिव), उमाशंकर बंटी (युवा समिति अध्यक्ष), मनीलाल (सह सचिव), मायाराम खाडेय, मनराखन कुलदीप (वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य),अनीता पुरी, बिंदुमती मानिकपुरी, रानी देवांगन, बेगमती चिकनजूरी, सुषमा मुंगरी (महिला समिति सदस्य),तथा लालदास महंत (जिला मीडिया प्रभारी) सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

अप्रतिम कोरिया’ की झलक दिखाएगा राज्योत्सव 2025,भव्य तैयारियाँ पूरी, संस्कृति–संवेदना और विकास का संगम बनेगा उत्सव



भजन, सूफी संगीत और पारंपरिक स्वाद से महकेगा उत्सव स्थल

‘अप्रतिम कोरिया’ कॉफी टेबल बुक का होगा लोकार्पण

छायाचित्र प्रदर्शनी में दिखेगी जिले की विकास यात्रा

स्थानीय उत्पाद और बच्चों की प्रस्तुतियाँ बढ़ाएँगी आकर्षण


कोरिया, बैकुंठपुर/जिले का ऐतिहासिक तीन दिवसीय राज्योत्सव–2025 इस बार विशेष आकर्षणों के साथ मनाया जाएगा। आज से 4 नवम्बर तक बैकुंठपुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस आयोजन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी निरंतर स्थल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में जुटे हैं, ताकि उत्सव भव्य और यादगार बन सके।

विकास की 25 वर्षी यात्रा एक मंच पर

राज्योत्सव में वर्ष 2000 से 2025 तक जिले की विकास यात्रा को थीम–लेआउट के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, सिंचाई व पेयजल परियोजनाएँ, पर्यटन, बिजली, सड़क और ग्रामीण ढाँचे की प्रगति की झलक दिखाई जाएगी। जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘कोरिया की उपलब्धियों’ पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र होगी।

अप्रतिम कोरिया’ का विमोचन

जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘अप्रतिम कोरिया’ का लोकार्पण राज्योत्सव के मंच से मुख्य अतिथि के हाथों किया जाएगा।

सांस्कृतिक संध्याएँ होंगी यादगार

राज्योत्सव के मंच पर स्कूलों के बच्चों की प्रस्तुतियाँ, भजन–संध्या, सूफी संगीत, लोकनृत्य और लोकगीतों से वातावरण सुर और ताल से गूँज उठेगा।

पारंपरिक स्वाद और स्थानीय उत्पादों की महक

उत्सव स्थल पर कोरिया के पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय उत्पादों की बिक्री भी आकर्षण का केंद्र होगी। इससे महिला स्व–सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों को आर्थिक लाभ का अवसर मिलेगा।

एकता की दौड़ में दौड़ा कोरिया – ‘रन फॉर यूनिटी’ में उमड़ा उत्साह

 सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर एकता का संदेश, सैकड़ों लोगों ने लगाई दौड़


कोरिया,बैकुंठपुर/ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आज जिले में “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया गया। कुमार चौक, बैकुंठपुर से सुबह 7 बजे बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, युवाओं, अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।


कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक  रवि कुमार कुर्रे एवं अपर कलेक्टर  सुरेंद्र प्रसाद वैद्य सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन की शुरुआत में सरदार वल्लभभाई पटेल के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। शपथ में यह संकल्प लिया गया कि —

 “हम राष्ट्र की एकता को सुदृढ़ करने, समाज में सद्भाव बनाए रखने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा में अपना योगदान देने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।”

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों द्वारा सभी तैयारियाँ पूर्व में ही पूर्ण कर ली गई थीं। इससे पहले गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा और संदेश साझा किया गया था।कोरिया जिले के लोगों ने आज एकजुट होकर देश की अखंडता और एकता का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया। 

ग्राम पंचायत मेरो उधनापुर में जरूरतमंद बालक को मिली जीवनदायिनी सहायता


एक्सेस टू जस्टिस एवं छत्तीसगढ़ प्रचार एवं विकास संस्थान की पहल से निशुल्क स्वास्थ्य जांच




मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए छत्तीसगढ़ प्रचार एवं विकास संस्थान एवं एक्सेस टू जस्टिस जिला मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के संयुक्त प्रयास से ग्राम पंचायत मेरो उधनापुर के एक जरूरतमंद बालक को निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा प्रदान की गई।

संस्था को जानकारी मिली थी कि ग्राम पंचायत क्षेत्र का एक बालक गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा है, किन्तु आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसका इलाज संभव नहीं हो पा रहा था। जानकारी मिलते ही एक्सेस टू जस्टिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मदद के लिए पहल की।

संस्था के प्रतिनिधि नीरज कुमार के समन्वय से बालक को तुरंत चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई और आगे की कार्यवाही हेतु उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति द्वारा बालक को निरंतर सहयोग और संरक्षण प्रदान करने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं।

संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि बच्चों के अधिकारों और संरक्षण के लिए जिले में लगातार जागरूकता एवं सहायता गतिविधियाँ चलाई जा रही हैं। संस्था का उद्देश्य है कि प्रत्येक जरूरतमंद बच्चे तक स्वास्थ्य, शिक्षा और न्याय की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

ग्रामवासियों ने संस्था और टीम की इस संवेदनशील एवं मानवीय पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था की तत्परता से बालक को समय पर उपचार और देखभाल मिल सकी, जिससे उसका जीवन सुरक्षित हो पाया। यह पहल बच्चों के अधिकारों, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में संस्थान के समर्पण और जिम्मेदारी का उदाहरण है।