बैकुंठपुर में हर्षाेल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस साइबर अपराध के खिलाफ कोरिया में जागृति अभियान की शुरुआत दो साल से पाइपलाइन तैयार, फिर भी नलों में पानी का इंतजार

ग्राम पंचायत में विकास हेतु सरपंच सबसे जिम्मेदार जनप्रतिनिधि - श्रीमती चंदन त्रिपाठी

 आवास, ग्रामीण विकास प्राधिकरण के कार्यों की समीक्षा उपरांत निर्देश जारी

सभी ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव, तकनीकी सहायको की समीक्षा बैठक सम्पन्न

युक्तधारा पोर्टल पर तैयार ग्राम पंचायत डोहड़ा का प्लान प्रस्तुतीकरण



कोरिया /बैकुंठपुर-आज जिला पंचायत मंथन कक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी की अगुवाई में हुई इस समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति को लेकर ग्राम पंचायत के सरपंच सचिव और तकनीकी सहायको से एक साथ योजना की प्रगति पर ग्राम पंचायत वार प्रगति का आंकलन किया गया। इस बैठक में जिला पंचायत कोरिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी और उप संचालक पंचायत  आशीष सिंह उपस्थित रहे।


ग्राम पंचायत वार प्रगति पर सुधार करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने कहा कि ग्राम पंचायत में सरपंच सर्वाधिक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि हैं। शासन ने सभी जनप्रतिनिधियों में केवल आपको राशि आहरण का अधिकार दे रखा है। इसका मतलब है कि आपकी ग्राम विकास में सर्वाधिक जिम्मेदारी है। इसे गंभीरता से लें और प्रधानमंत्री आवास योजना में प्रत्येक हितग्राही से संपर्क कर आवास बनाने में तेजी लाएं।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा बैठक में शामिल तकनीकी सहायको को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य अनुसार प्रगति के लिए निरंतर ग्राम पंचायत में विजिट करें और प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता हेतु निरंतर निगरानी करते रहें। 

इस बैठक में पहले जनपद पंचायत बैकुंठपुर उसके बाद जनपद सोनहत के सभी ग्राम पंचायत में तकनीकी सहायको को आबंटित ग्राम पंचायत वार प्रगति पर समीक्षा की गई। इनमें कुल स्वीकृत आवास, हितग्राहियों को खातों में दी गई प्रथम किस्त, प्लिंथ लेबल पर जियो टैग, दूसरी किस्त के बाद जिओ टैग और पूर्णता तथा उन्हें प्रति स्तर पर मनरेगा के तहत दिए जाने वाले रोजगार दिवस पर चर्चा कर आवश्यक प्रगति के निर्देश दिए गए। 

बैठक के दौरान बैकुंठपुर जनपद की ग्राम पंचायत डोहड़ा का युक्तधारा पोर्टल पर तैयार किया गया मनरेगा का ग्राम पंचायत प्लान प्रस्तुतीकरण किया गया। सीईओ जिला पंचायत ने सभी तकनीकी सहायको को इसी तरह तकनीक के उपयोग से कार्यों के चिन्हांकन के निर्देश दिए। 

कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने बैठक में ग्राम पंचायत वार राज्य विकास प्राधिकरण, पिछड़ा क्षेत्र विकास प्राधिकरण आदि विकास योजनाओं के स्वीकृत और अपूर्ण कार्यों की समीक्षा कर लंबित कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान अपेक्षित कार्य नहीं करने वाले कर्तव्य के प्रति लापरवाह चार ग्राम पंचायत सचिवों के वेतन रोकने के निर्देश दिए।



बैकुंठपुर वन परिक्षेत्र में अवैध शिकार का भंडाफोड़: तीन आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने जेल भेजा



कोरिया/बैकुंठपुर-कोरिया वनमंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र बैकुंठपुर के पटना में वन विभाग की सतर्कता से एक बार फिर अवैध शिकारियों के इरादों पर पानी फिर गया। वन विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ आरोपी जाल लगाकर वन्यप्राणी (सेही) का शिकार कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए देवारगढ़ धाम के पास वन विभाग की बीट कटकोना टीम तथा एफ-432 वन खंड टेरई की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

टीम ने तीन लोगों—रामलाल (29 वर्ष), देवलाल (32 वर्ष) तथा सुशील कुमार (26 वर्ष)—को शिकार में प्रयुक्त सामान सहित पकड़ लिया। उनके पास से फलटोना, बागड़, धारदार हथियार, जाल, कुंदलाड़ी, हांड़ी, बर्तन तथा सेही मांस के अवशेष बरामद किए गए।

वन विभाग ने तीनों आरोपियों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-I, धारा 9, 39, 50, 51 तथा बी.एन.एस.एस.सी. धारा 35(3) के तहत गिरफ्तार किया। इसके बाद मामले को वन अपराध क्रमांक 17965/17 के रूप में दर्ज कर न्यायिक दंडाधिकारी, बैकुंठपुर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बैकुंठपुर भेज दिया।

सफल कार्रवाई में वनकर्मियों की बड़ी भूमिका

इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्राधिकारी बैकुंठपुर भगनराम खेस, श्रद्दादेवी पैकरा, मनोज एक्का,दुष्यंत सिंह, राकेश कुमार पांडेय, अमोलसिंह, सुमेश्वर राजवाड़े, भूपेन्द्र कुमार तथा वनमंडलाधिकारी कोरिया एवं उपवनमंडलाधिकारी बैकुंठपुर अखिलेश मिश्रा का विशेष योगदान रहा।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी वन्यप्राणी पर अत्याचार, अवैध शिकार या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

भण्डारपारा में शिक्षकों की मिशाल: बच्चों को मिली सर्दी से राहत, स्वेटर वितरण व न्योता भोज आयोजित




कोरिया/बैकुंठपुर-देश के भविष्य माने जाने वाले बच्चे सभी को सच्चे और अच्छे लगते है लेकिन कड़ाके की ठंड में देश के इस भविष्य को ठिठुरते हुए स्कूल जाना जब किसी को नजर नहीं आता तो ऐसे में विद्यालय के शिक्षकों ने सामाजिक पहल कर इनकी तरफ हाथ बढ़ाया।

           दिसंबर की शीतलहर के असर व कड़ाके की ठंड की मार से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आने वाले सभी जरूरतमंद 75 स्कूली बच्चों की मन की पीड़ा को समझते हुए,उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा का ख्याल करते हुए शाला में उनकी कम होती उपस्थिति की समस्या के समाधान के एक विकल्प के रूप में मा शाला-भण्डारपारा के शिक्षकों ने अपने निजी खर्च के सहयोग से कक्षा 6वीं से 8वीं के प्रत्येक स्कूली बच्चे को सर्दियों से बचाने गर्म कपड़े के रूप में एक नया स्वेटर निशुल्क प्रदान करते हुए शिक्षा के साथ साथ सामाजिक संवेदनशीलता, भागीदारी की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए अपना दायित्व निभाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मु.अतिथि संकुल प्राचार्य  रमाशंकर साहू व सरपंच प्रतिनिधि श्री सुखनंदन मिंज द्वारा देवी मां सरस्वती की छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया।शिक्षकों और बच्चों द्वारा अतिथियों का स्वागत बैंड-बाजे,तिलक,पुष्पवर्षा व सुमन, माल्यार्पण से किया गया। बच्चों द्वारा देवी सरस्वती वंदना,स्वागत गीत के साथ सुन्दर व मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई।उपस्थित अतिथियों के करकमलों से शाला के प्रत्येक बच्चे को स्वेटर वितरित किए गए।

स्वेटर पाकर बच्चों के चेहरे खुशियों के उत्साह और मुस्कानों की चमक से खिल उठे

तिमाही आंकलन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और सर्वाधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के प्रोत्साहन के रूप में मेडल,कलम,प्रमाण पत्र के साथ मिष्ठान्न खिलाकर पुरस्कृत किया गया तदोपरांत बच्चों, पालकों व उपस्थित ग्रामवासियों ने महिला स्व सहायता समूह द्वारा आयोजित न्योता भोज का आनंद लिया।

अगरवुड' पौधारोपण की व्यवसायिक शिक्षा

         पर्यावरण संरक्षण एवं स्थानीय स्तर पर आत्मनिर्भरता बढ़ाने,भविष्य के मजबूत उद्यम के रूप में औषधीय गुणों से भरपूर  विशिष्ट सुगंध वाले पूरी दुनिया के सबसे मंहगे पौधे अगरवुड जिसकी प्राकृतिक लकड़ी को वुड ऑफ गॉड और तेल को 'लिक्विड गोल्ड' कहते हैं जिनकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखो रुपए की होती है,पंचायत व यूथ व इको क्लब सदस्यों द्वारा रोपण कर शिक्षकों द्वारा इसकी खेती की पूरी प्रक्रिया की व्यवसायिक शिक्षा दी गई।उक्त सम्पूर्ण कार्यक्रम का मंच संचालन उद्घोषक शिक्षक पंकज कुमार बाजपेयी ने किया।

मु.अतिथि ने अपने संबोधन में इसे विद्यालय व बच्चों के प्रति शिक्षकों का विशेष स्नेह व समर्पण बताया,वहीं सरपंच ने इसे नया दिन की संज्ञा देकर,नेक सोच वाले ऐसे शिक्षकों का मिलना,गांव के लिए सौभाग्य बताया।सी.ए.सी ने शिक्षकों के सार्थक प्रयासों से गांव में शिक्षा की बेहतर बनती तस्वीर की सराहना कर पालकों से बच्चों को पढ़ाई के प्रति प्रेरित कर नियमित शाला भेजने की अपील की। 

SMC सदस्यों,पालकों और ग्रामवासियों ने शिक्षकों के अनवरत नव प्रयासों के प्रति साधुवाद व्यक्त किया,अंत में आभार प्रकट प्र.पाठक  राजेश कुमार यादव ने किया। इस अवसर पर शाला के शिक्षक श्रीमती अनिता शुक्ला, प्रदीप कुमार साहू, संकुल समन्वयक रंजीत सिंह सहित समस्त स्टाफ,SMC अध्यक्ष  परमजीत,उपाध्यक्ष  झलेश्वर राजवाड़े सहित अभिभावक गण व गणमान्य ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कोरिया वन मंडल में मनमानी DFO पर मनचाही पोस्टिंग करने का गंभीर आरोप

 


कोरिया/बैकुंठपुर।कोरिया वन मंडल इन दिनों विवादों के केंद्र में है। विभाग में ट्रांसफर–पोस्टिंग को लेकर उठ रहे सवालों ने पूरे वन मंडल में हलचल मचा दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि वन मंडल में नियम-क़ानून से अधिक व्यक्तिगत निर्णयों का दबदबा दिखाई दे रहा है।

सूत्रों की मानें तो DFO चंद्रशेखर सिंह परदेशी पर ऐसे अधिकारों का प्रयोग करने के आरोप लगाए जा रहे हैं, जो उनके पास आधिकारिक रूप से मौजूद ही नहीं हैं। कहा जा रहा है कि बिना स्वीकृति के कर्मचारियों का जबरन ट्रांसफर कर नया विवाद खड़ा कर दिया गया है।

गेज नर्सरी में उलटफेर — वन रक्षक को बनाया गया प्रभारी, सवालों की बौछार

बता दे कि,बैकुंठपुर स्थित गेज नर्सरी में पाँच साल से जिम्मेदारी संभाल रहे फॉरेस्टर को अचानक उनके पद से हटाकर स्पेशल ड्यूटी भेज दिया गया।आरोप है कि उनके स्थान पर एक वन रक्षक को नर्सरी प्रभारी नियुक्त कर दिया गया, जबकि यह जिम्मेदारी सामान्यतः फॉरेस्टर स्तर के अधिकारी की होती है।नए प्रभारी के पदभार संभालते ही नर्सरी में पौधों के सूखने की घटनाएँ लगातार सामने आने लगी हैं, जिससे मजदूरों के बीच असंतोष और बढ़ गया है।

दुर्ग से मंगाए गए पौधे भी खराब होने लगे

सूत्रों के अनुसार DFO द्वारा दुर्ग से विशेष रूप से आम और अर्जुन के पौधे मंगवाए गए थे।लेकिन प्रबंधन में अव्यवस्था और गलत तरीके से देखरेख के कारण नर्सरी में इन पौधों पर भी असर दिख रहा है। नर्सरी में काम कर रहे मजदूरों का कहना है कि नए प्रभारी को नर्सरी संचालन का सही तरीका नहीं पता, फिर भी पौधों के सूखने का ठीकरा मजदूरों पर फोड़ा जा रहा है, जबकि मजदूर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से अपना काम कर रहे हैं।


राज्योत्सव आमंत्रण पत्र से नाम गायब होने पर जनपद उपाध्यक्ष ने जताई नाराज़गी


कोरिया,बैकुंठपुर/छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस राज्योत्सव 2025 के आयोजन को लेकर जारी आमंत्रण पत्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बैकुंठपुर जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष प्यारे साहू ने इस पर कड़ी नाराज़गी जताई है।

श्री साहू का कहना है कि – “राज्योत्सव जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के आमंत्रण पत्र में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष का नाम न होना प्रशासन की लापरवाही और असमानता को दर्शाता है।”

उन्होंने आगे कहा कि जनपद पंचायत भी ग्रामीण विकास की प्रमुख इकाई है और राज्योत्सव जैसे ऐतिहासिक अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति और सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए था।

स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक वर्गों में भी इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज़ है। कई लोगों का मानना है कि राज्योत्सव जैसे गौरवशाली आयोजन में प्रतिनिधियों के नाम छूटना प्रशासनिक समन्वय की कमी को उजागर करता है।

भारतीय पनिका समाज जिला इकाई कोरिया की समीक्षा बैठक सम्पन्न‘एक समाज, एक संगठन’ का संदेश दिया गया

 


कोरिया,बैकुंठपुर/भारतीय पनिका समाज जिला इकाई कोरिया (छत्तीसगढ़) की समीक्षा बैठक बीते 31 शुक्रवार को ग्राम खाड़ा स्थित मन्नत मैरिज गार्डन भवन में दोपहर 12:00 बजे से संपन्न हुई।बैठक की अध्यक्षता राजाराम जाता, जिला अध्यक्ष, भारतीय पनिका समाज कोरिया ने की,इस अवसर पर संभाग अध्यक्ष  रामधन देवांगन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यसूची की समीक्षा एवं निर्णय

बैठक में मुख्य रूप से दिनांक 26 अक्टूबर 2025 को संपन्न शपथ एवं सम्मान समारोह कार्यक्रम की समीक्षा की गई।उपस्थित सदस्यों ने इस आयोजन को समाज के इतिहास का सफल और यादगार कार्यक्रम बताया।जिन पदाधिकारियों की उपस्थिति शपथ समारोह में नहीं हो सकी थी, उन्हें संभाग अध्यक्ष द्वारा इस बैठक में पुनः ससम्मान शपथ दिलाई गई।बैठक के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से शपथ सम्मान समारोह कार्यक्रम का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे सभी सदस्य उस आयोजन की झलक देख सके।

संभाग अध्यक्ष का उद्बोधन

अपने संबोधन में संभाग अध्यक्ष  रामधन देवांगन ने कहा कि समाज की मजबूती संगठन से होती है।उन्होंने “एक समाज, एक संगठन” का संदेश देते हुए समाज विरोधी तत्वों को बर्दाश्त न करने की स्पष्ट हिदायत दी।

पदाधिकारी परिवर्तन का निर्णय

पत्र क्रमांक 23, बैकुंठपुर, दिनांक 23.10.2025 के तहत जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को सम्मानित पदों से सुशोभित किया गया था।किन्तु, सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ पदाधिकारियों द्वारा स्वेच्छा से पद त्यागने एवं जिम्मेदारी न निभा पाने की सूचना दिए जाने पर, बैठक में सर्वसम्मति से ऐसे पदाधिकारियों को उनके पदों से पृथक करने का निर्णय लिया गया।

बैठक के समापन अवसर पर जिला अध्यक्ष राजाराम जाता ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाज सदस्यों का आभार व्यक्त किया।उन्होंने उपस्थित सदस्यों को डायरी एवं पेन भेंटकर सम्मानित किया।

बैठक में प्रमुख रूप से —रामलाल टांडिया (जिला कोषाध्यक्ष), तारकेश्वर प्रसाद (उपकोषाध्यक्ष), विजेंद्र मानिकपुरी (महासचिव), राजू गोयनकर, चंद्रिका प्रसाद, विजेंद्र लाल सोनवानी (उपाध्यक्षगण), दिनेश कावरा (सचिव), उमाशंकर बंटी (युवा समिति अध्यक्ष), मनीलाल (सह सचिव), मायाराम खाडेय, मनराखन कुलदीप (वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य),अनीता पुरी, बिंदुमती मानिकपुरी, रानी देवांगन, बेगमती चिकनजूरी, सुषमा मुंगरी (महिला समिति सदस्य),तथा लालदास महंत (जिला मीडिया प्रभारी) सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

अप्रतिम कोरिया’ की झलक दिखाएगा राज्योत्सव 2025,भव्य तैयारियाँ पूरी, संस्कृति–संवेदना और विकास का संगम बनेगा उत्सव



भजन, सूफी संगीत और पारंपरिक स्वाद से महकेगा उत्सव स्थल

‘अप्रतिम कोरिया’ कॉफी टेबल बुक का होगा लोकार्पण

छायाचित्र प्रदर्शनी में दिखेगी जिले की विकास यात्रा

स्थानीय उत्पाद और बच्चों की प्रस्तुतियाँ बढ़ाएँगी आकर्षण


कोरिया, बैकुंठपुर/जिले का ऐतिहासिक तीन दिवसीय राज्योत्सव–2025 इस बार विशेष आकर्षणों के साथ मनाया जाएगा। आज से 4 नवम्बर तक बैकुंठपुर के मिनी स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस आयोजन की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी निरंतर स्थल निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में जुटे हैं, ताकि उत्सव भव्य और यादगार बन सके।

विकास की 25 वर्षी यात्रा एक मंच पर

राज्योत्सव में वर्ष 2000 से 2025 तक जिले की विकास यात्रा को थीम–लेआउट के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, सिंचाई व पेयजल परियोजनाएँ, पर्यटन, बिजली, सड़क और ग्रामीण ढाँचे की प्रगति की झलक दिखाई जाएगी। जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘कोरिया की उपलब्धियों’ पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र होगी।

अप्रतिम कोरिया’ का विमोचन

जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘अप्रतिम कोरिया’ का लोकार्पण राज्योत्सव के मंच से मुख्य अतिथि के हाथों किया जाएगा।

सांस्कृतिक संध्याएँ होंगी यादगार

राज्योत्सव के मंच पर स्कूलों के बच्चों की प्रस्तुतियाँ, भजन–संध्या, सूफी संगीत, लोकनृत्य और लोकगीतों से वातावरण सुर और ताल से गूँज उठेगा।

पारंपरिक स्वाद और स्थानीय उत्पादों की महक

उत्सव स्थल पर कोरिया के पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय उत्पादों की बिक्री भी आकर्षण का केंद्र होगी। इससे महिला स्व–सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों को आर्थिक लाभ का अवसर मिलेगा।