बैकुण्ठपुर/कोरिया वनमंडल में इन दिनों अफ़सरशाही और पसंदीदा कर्मचारियों के प्रति मेहरबानी का एक अनोखा और रहस्यमयी खेल चल रहा है। चर्चा है कि वनमंडल कार्यालय के भीतर बंद कमरों में दिन-रात एक करके वर्किंग प्लान तैयार किया जा रहा है। सबसे दिलचस्प और चौंकाने वाली बात यह है कि इस अति-संवेदनशील और तकनीकी कार्य की कमान किसी सेवारत कर्मचारी के हाथों में न होकर, सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारी सी.पी. पटेल के हाथों में सौंपी गई है।हद तो तब हो गई जब दुर्गा नवमी जैसे बड़े त्यौहार और शासकीय अवकाश के दिन भी पटेल साहब डिवीजन के एक बंद कमरे में पूरी मुस्तैदी के साथ डटे रहे।
क्या कोरिया वनमंडल में अकाल पड़ गया है काबिलियत का?
सूत्रों की मानें तो वन विभाग के भीतर यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि सी.पी. पटेल के अलावा पूरे कोरिया वनमंडल में ऐसा कोई काबिल कर्मचारी बचा ही नहीं है, जो मानचित्रकार की भूमिका निभा सके या वर्किंग प्लान तैयार कर सके।सवाल यह उठ रहा है कि क्या वनमंडल में तैनात अन्य कर्मचारियों की योग्यता पर प्रश्नचिह्न लगाया जा रहा है? यदि विभाग में प्रशिक्षित और सेवारत कर्मचारी मौजूद हैं, तो उन्हें उनकी क्षमता और उपयोगिता के अनुसार काम क्यों नहीं सौंपा जा रहा?
सेवानिवृत्ति के बाद भी पटेल का बंद कमरे में वर्किंग प्लान तैयार करना इस बात का साफ़ संकेत है कि वे निकट भविष्य में वनमंडल से जाने वाले नहीं हैं। जानकार बताते हैं कि वर्किंग प्लान किसी भी वनमंडल का दीर्घकालिक और सबसे महत्वपूर्ण नीतिगत दस्तावेज होता है। इस महत्वपूर्ण योजना के नाम पर सेवानिवृत्त कर्मचारी को परदे के पीछे से टिकाए रखना यह दर्शाता है कि यह व्यवस्था अस्थाई नहीं, बल्कि लंबे समय तक स्थायी रूप से जमे रहने की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।
डीएफओ की मेहरबानी और 'बंद कमरे' का सस्पेंस
शहर में अब यह सवाल तेजी से फैल रहा है कि आखिर डीएफओ के इतने 'खास' और 'चहेते' बने पटेल बंद कमरे में बैठकर कौन सा सीक्रेट प्लान बना रहे हैं?छुट्टी के दिन भी दफ्तर खुलवाकर सेवानिवृत्त कर्मचारी से काम कराया जाना किसी बड़े सस्पेंस से कम नहीं है। अब देखना यह होगा कि क्या उच्चाधिकारी इस 'बंद कमरे की कार्यप्रणाली' का संज्ञान लेते हैं और सेवारत कर्मचारियों को उनका हक व जिम्मेदारी सौंपते हैं, या फिर रिटायर्ड कर्मचारी के भरोसे ही कोरिया वनमंडल का प्रशासनिक ढर्रा ऐसे ही चलता रहेगा?








0 Comments:
Post a Comment
Note: Only a member of this blog may post a comment.