CA प्लांटेशन में मजदूरी भुगतान का मामला: मजदूरों का आरोप कम मिला पैसा, अधिकारी बोले- पूरा दिया गया



बैकुण्ठपुर/कोरिया वनमंडल के अंतर्गत बैकुंठपुर वन परिक्षेत्र में चल  रहे प्रतिपूरक वृक्षारोपण कार्य में मजदूरी भुगतान को लेकर नया मामला सामने आया है। प्लांटेशन में काम करने वाले मजदूरों का कहना है कि उन्हें मजदूरी के रूप में प्रतिदिन  तीन सौ रुपये  और पच्चीस रुपये प्रति गड्ढे की दर से पैसे मिले हैं।वृक्षारोपण के नाम पर भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी हो चुकी हैं, इसकी पोल अब खुद ज़मीन पर पसीना बहाने वाले मजदूरों और जिम्मेदार अधिकारियों के बयानों ने खोल दी है। 'बोल बच्चन न्यूज़' ने इस पूरे वनीकरण में अनियमितता की परतों को शुरू से बेनकाब किया है। अब जो नया कारनामा सामने आया है, वह वन विभाग के अफ़सरो की पोल खोलने के लिए काफी।

'बोल बच्चन न्यूज़' ने इस प्लांटेशन में हो रही गड़बड़ियों को पहले भी उठाया था, तब भी मजदूरों ने कम भुगतान की बात कही थी और इसी वजह से कुछ दिनों तक काम भी बंद रहा था। नियमों के मुताबिक प्लांटेशन में प्रारंभिक कार्य जैसे झाड़ी सफाई, गड्ढा खुदाई से लेकर अलग-अलग कार्यों का अलग-अलग भुगतान होना है।लेकिन कोरिया वनमंडल में पदस्थ एसडीओ की माने तो विभाग के सुविधानुसार पूरा काम 'मानव दिवस' के आधार पर ही कराया जा रहा है और भुगतान तीन सौ पचपन रुपये प्रतिदिन की दर से किया गया है। अब इस मामले में मजदूरों के बयानों और वन विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के दावों के बीच का विरोधाभास विभागीय कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहा है।

बता दे कि,कोरिया वनमंडल के इस सीए प्लांटेशन में शुरुआत से ही पारदर्शिता का अभाव रहा है। कार्यस्थल पर सूचना बोर्ड न लगाकर विभाग जान-बूझकर जानकारियों को छुपाए बैठा है, जिससे न तो मजदूरों को अपना हक पता चल पा रहा है और न ही आम जनता को यह मालूम है कि कितने क्षेत्रफल में वृक्षारोपण प्रस्तावित है और मजदूरी की वास्तविक दर क्या है। सूचनाओं पर पर्दा डालने का यह खेल कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि एक सोची-समझी रणनीति लगती है,ताकि जानकारी के इसी अंधेरे और भ्रम का फायदा उठाकर मैदानी कर्मचारियों से लेकर दफ्तरों में बैठे बड़े अफसर तक मिलकर सरकारी खजाने को चूना लगा सकें और गरीब मजदूरों के पसीने की कमाई पर बेखौफ डाका डाल सकें।

बहरहाल, मजदूरों के बयान और एसडीओ के दावों की यह लुकाछिपी यह साबित करने के लिए काफी है कि कोरिया वनमंडल में हरियाली के नाम पर किस तरह कागजी गोलमाल और वित्तीय घालमेल का खेल खेला जा रहा है।



0 Comments:

Post a Comment

Note: Only a member of this blog may post a comment.